स्वरोजगार और आय वृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया वितरण
पशुपालन से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ जिले के कुचाई प्रखंड में मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना (एमपीवीवाई) के तहत शनिवार को 5 लाभुकों के बीच सूकर पालन (पिगरी) इकाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर लाभुकों को बताया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : अनुमंडल कार्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 113 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
वैज्ञानिक पद्धति से सूकर पालन कर आत्मनिर्भर बनने की अपील
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों से वितरित सूकर इकाइयों का समुचित रखरखाव करने तथा वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन अपनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल संसाधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लाभुकों को आत्मनिर्भर बनाना भी है। पशुपालन विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


























