क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चांडिल क्षेत्र में छापेमारी अभियान
अवैध शराब कारोबारियों पर दर्ज होगा मामला, अभियान रहेगा जारी
अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन की सख्ती जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान तेज हो गया है। उपायुक्त के निर्देश पर और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चांडिल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी की गई। इस दौरान चिल्गु के समीप खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में कार्रवाई करते हुए कुल 5 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब निर्माण सामग्री भी बरामद की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कुणाल षाड़ंगी साइकिल से पहुंचे सर्किट हाउस, महंगाई व परीक्षा पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
छापेमारी में 1000 किलो जावा महुआ और 50 लीटर शराब बरामद
कार्रवाई के दौरान लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसे नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




























