- परिवार धनबाद गया था, सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने तोड़ा ताला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 3 में बुधवार रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार घर के सभी सदस्य दो-तीन दिन पहले धनबाद गए हुए थे, जिसके कारण घर खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने एक जोड़ी पायल, 10 चांदी के सिक्के, बिछिया सहित कई कीमती जेवरात और करीब 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब शंकर सिंह सुबह घर पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में युवक हथियार के साथ गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई में अवैध पिस्टल बरामद
सुबह घर पहुंचने पर टूटा मिला ताला, मालिक को दी सूचना
शंकर सिंह ने बताया कि वे अक्सर रात में आकर घर में सोते थे, लेकिन बुधवार रात किसी काम से गोविंदपुर चले गए थे, जिससे घर पूरी तरह खाली रह गया। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब वे बागबेड़ा स्थित एसकेएल दास के घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत घर के मालिक एसकेएल दास को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों के अनुसार अलमारी में रखे गहने और नकदी गायब हैं। फिलहाल इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


























