- बीएलए और ग्राम पंचायत कमेटी गठन पर जोर, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का चलाया जाएगा अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन प्रदेश कमेटी के आह्वान पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) और ग्राम पंचायत कमेटियों के गठन को लेकर आयोजित किया गया था। सम्मेलन में “9 अप्रैल तक हर बूथ हो मजबूत” के नारे के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि झारखंड में मतदाताओं की सूची को लेकर कांग्रेस की ओर से बीएलओ-2 (BLO-2) भी बनाए जा रहे हैं, जो मतदाता सूची की निगरानी करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी गरीब या पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से कटने या छूटने न पाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक मतदाताओं को सूची में जोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पुरी समुद्र में लापता हुआ बहरागोड़ा का होनहार छात्र अनिमेष, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला सचिव जयराम हांसदा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ लेवल एजेंट और ग्राम पंचायत कमेटियों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि “हर बूथ हो हमारा मजबूत” के संकल्प के साथ कांग्रेस संगठन को गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। इस मौके पर कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सुबोध सरदार, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आनंद दास, प्रखंड अध्यक्ष सौरभ चटर्जी, लासा मुर्मू, गोविंद महाली, ठाकुर सोरेन, सीताराम महतो, लालटू दास, संजय कुमार पत्रो, उत्पल साहू, दुर्गा दास सिंह, मालती सिंह, मधु कैवर्त, सीताराम सोरेन और सत्यनारायण मदीना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।























