- महिला समूहों ने घर बैठे उत्पाद बनाकर बनाई पहचान, कंपनी ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : यूसील से जुड़े जादूगोड़ा क्षेत्र के सात गांवों की आठ महिला समूहों की सैकड़ों आदिवासी महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। ये महिलाएं घर पर ही विभिन्न उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। इसी उपलब्धि को सराहते हुए बृहस्पतिवार को भाटीन पंचायत भवन में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां चयनित महिला समूहों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन यूसील के सीएसआर अधिकारी तपोधिर भट्टाचार्य और मनोज हेंब्रम के नेतृत्व में किया गया। समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Bengluru : IPL 2026 में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी, BCCI का बड़ा फैसला
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिल्पा राव और विशिष्ट अतिथि मधुलिका दास ने महिला समूहों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। शिल्पा राव ने कहा कि जादूगोड़ा की आदिवासी महिलाएं घर-परिवार के साथ-साथ व्यवसाय में भी आगे बढ़ रही हैं और आने वाले समय में और बड़ी सफलता हासिल करेंगी। वहीं मधुलिका दास ने कहा कि महिलाएं कौशल सीखकर अपनी आय बढ़ा रही हैं, जो सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। कार्यक्रम में आठ महिला समूहों ने अपने-अपने उत्पादों का प्रदर्शन भी किया। इस आयोजन को सफल बनाने में यूसील के अधिकारियों के साथ-साथ कई महिला क्लबों और स्थानीय सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।























