- आस्था, परंपरा और लोकविश्वास का अनूठा संगम, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारडूबी, बारासती और गोहोलामुड़ा गांवों में गुरुवार से तीन दिवसीय माता अन्नपूर्णा पूजा का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। चैत्र शुक्ल अष्टमी से शुरू होकर दशमी तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में पहले ही दिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचे और माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है, जहां ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा में आदिवासी महिलाओं का बढ़ता आत्मनिर्भरता की ओर कदम, यूसिल ने किया सम्मान
स्थानीय पूजा समिति के अनुसार इस परंपरा की शुरुआत लगभग 30 वर्ष पहले हुई थी, जब इलाके में भीषण अन्न संकट उत्पन्न हो गया था। उस कठिन समय में ग्रामीणों को स्वप्न में माता अन्नपूर्णा के दर्शन हुए और उन्होंने पूजा आरंभ करने का निर्देश दिया। इसके बाद से गांव में नियमित रूप से यह पूजा आयोजित की जा रही है। ग्रामीणों का विश्वास है कि माता की कृपा से तब से अब तक क्षेत्र में कभी वैसा संकट नहीं आया। यही कारण है कि हर वर्ष श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं।
इसे भी पढ़ें : Bengluru : IPL 2026 में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी, BCCI का बड़ा फैसला
इस पूजा की खासियत महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है, जो उपवास रखकर माता से मन्नतें मांगती हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अगले वर्ष विशेष पूजा और दान करते हैं। आयोजन को इस वर्ष और भी भव्य रूप दिया गया है। भक्ति के साथ मनोरंजन का भी समावेश किया गया है, जिसके तहत पश्चिम बंगाल के फिल्मी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो रात्रि कार्यक्रमों में प्रस्तुति देंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय समिति और ग्रामीण दिन-रात जुटे हुए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल बना हुआ है।























