- खंडामोदा और जगन्नाथपुर चौक बने हादसों के केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामोदा और जगन्नाथपुर (बरसोल) चौक अब लगातार सड़क हादसों के कारण सुर्खियों में हैं। NH-49 पर स्थित इन दोनों स्थानों पर बीते 48 घंटों के भीतर (16 और 18 मार्च) दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन चौकों पर न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था, जिससे हर दिन राहगीरों और वाहन चालकों को खतरे का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Muri : बिजली बिल का झटका : एक बल्ब के उपयोग पर 56 हजार का बकाया
NH-49 पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे ने बढ़ाई लोगों की चिंता
इस मामले को लेकर जस्टिस डायनामिक्स सोसाइटी ने मोर्चा खोल दिया है। संस्था के अध्यक्ष अधिवक्ता ज्योतिर्मय दास ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन केवल हाई मास्ट लाइट और चेतावनी बोर्ड जैसे अस्थायी उपाय किए गए, जो नाकाफी साबित हुए। संस्था के प्रतिनिधियों ने जिला परिवहन पदाधिकारी से मिलकर दोनों चौकों को ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित करने और फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की मांग की है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षण कराया है और जल्द सुधार का आश्वासन दिया है, लेकिन संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि स्थायी समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।























