- टुमांगकोचा में स्व. अजय सबर के परिजनों को दी गई राहत सामग्री
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुसाबनी : मुसाबनी के फॉरेस्ट ब्लॉक अंतर्गत पाथरगोड़ा टोला टुमांगकोचा गांव में 16 वर्षीय अजय सबर के निधन के बाद उनके परिजनों को आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना करना पड़ रहा था। अजय सबर की हाल ही में बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी, जिससे परिवार शोक के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों की कमी से भी जूझ रहा था। इस परिस्थिति की जानकारी मिलने पर युवा विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तक बात पहुंचाई गई। अजजा उत्थान मंच के जिला अध्यक्ष लोबीन सबर ने विधायक से गरीब परिवार की सहायता करने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहयोग का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : 22 अप्रैल की विधानसभा स्तरीय बैठक को सफल बनाने में जुटा संगठन, रणनीति तय
श्राद्ध कर्म के लिए आवश्यक सामग्री देकर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के निर्देश पर लोबीन सबर, झामुमो नेता गौरांग माहली के साथ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान श्राद्ध कर्म के लिए चावल, दाल, आलू, तेल, मसाले सहित आवश्यक खाद्य सामग्री प्रदान की गई, ताकि परिवार सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की परंपराओं को पूरा कर सके। इस अवसर पर मृतक के परिजन और गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस सहयोग के लिए विधायक के प्रति आभार जताया और इसे मानवता की मिसाल बताया।


























