- तीसरी मंजिल के फ्लैट से उठी आग, कई लोग फंसे, रेस्क्यू जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय टावर अपार्टमेंट में रविवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (एसी) के ब्लास्ट होने के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भवन में धुआं फैल गया। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई होने लगी, जिससे कई निवासी अपने-अपने फ्लैट्स में फंस गए। कुछ लोगों ने बालकनी और छत की ओर भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
इसे भी पढ़ें : Musabani : युवा विधायक सोमेश सोरेन ने जरूरतमंद परिवार की मदद की, श्राद्ध कर्म के लिए पहुंचाया सहयोग
दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आग पर काबू पाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों द्वारा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दे रही है। अधिकारियों के अनुसार, आग पर जल्द काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसी बड़े नुकसान को टाला जा सके। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे अपार्टमेंट को खाली कराया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।






















