- एक सप्ताह से बिजली ठप, भीषण गर्मी में ग्रामीण और श्रद्धालु परेशान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की बहुलिया पंचायत स्थित प्रसिद्ध चित्रेश्वर मंदिर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट गहराया हुआ है। मंदिर परिसर में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण आसपास के करीब 100 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इन्वर्टर की बैटरियां जवाब दे चुकी हैं, जिससे रातें काटना मुश्किल हो गया है। स्थानीय दुकानदारों और परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है और बच्चों व बुजुर्गों की स्थिति और भी खराब हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में अतिक्रमण पर सख्ती, प्रशासन का बड़ा अभियान
पानी की समस्या बढ़ी, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
बिजली बाधित होने से चित्रेश्वर मंदिर में जलापूर्ति भी प्रभावित हो गई है, क्योंकि पानी की मोटर बंद पड़ी है। इससे पुजारियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण प्रिया लाल लेंका, जयंत घोष, बृजेंद्र घोष और रवि शंकर दुबे समेत कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे एक सप्ताह से मोमबत्ती के सहारे रात गुजार रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है।























