- मुख्य बाजार से हटाए गए अवैध ढांचे, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के मुख्य बाजार को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए गुरुवार को प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने सड़कों पर उतरकर व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बनाए गए अवैध ढांचे और दुकानों को हटाकर सरकारी भूमि को खाली कराया गया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : रांची में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात शूटर सत्यम पाठक गिरफ्तार
भारी वाहनों के लिए 12 घंटे ‘नो एंट्री’, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
बाजार क्षेत्र में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस ‘नो एंट्री’ व्यवस्था से चार पहिया वाहनों और छोटे ट्रकों की आवाजाही नियंत्रित होगी, जिससे बाजार में भीड़भाड़ कम होगी। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से आम नागरिकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे बाजार में व्यवस्था बेहतर होगी।























