- कांके डैम इलाके में आमने-सामने हुई फायरिंग, आरोपी के पैरों में लगी गोली
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : रांची के कांके डैम इलाके में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में पार्षद हत्याकांड का मुख्य आरोपी और शार्प शूटर सत्यम पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सत्यम पाठक इलाके में मौजूद है, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोलीबारी में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पृथ्वी दिवस पर डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
रिम्स में चल रहा इलाज, कई मामलों के खुलासे की उम्मीद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घायल सत्यम पाठक को तुरंत इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और जल्द ही उससे पूछताछ शुरू की जाएगी। सत्यम पाठक लंबे समय से फरार चल रहा था और पार्षद हत्याकांड में मुख्य आरोपी माना जा रहा था। उसकी गिरफ्तारी को रांची पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान शहर में हुए अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई मामलों की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।






















