अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, केबिन में फंसे घायलों को पुलिस ने निकाला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : रविवार सुबह बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर कालियाडिंगा फ्लाईओवर के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। कोलकाता से टाटानगर की ओर जा रही 407 मालवाहक वाहन (WB19K1067) सामने चल रहे अज्ञात टैंकर के अचानक ब्रेक लगाने के कारण अनियंत्रित होकर उसके पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक संजय राम तथा सहचालक जितेंद्र झा केबिन में फंस गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन का भव्य स्वागत
पुलिस की तत्परता से बची जान, गंभीर हालत में किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।























