विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर जुटे सैकड़ों युवा, मौके पर हुआ चयन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हाता में झारखंड बंगभाषी उन्नयन समिति एवं माताजी आश्रम के संयुक्त सहयोग से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में पोटका और राजनगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियां रोजगार की तलाश में पहुंचे। विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा जमा किए और साक्षात्कार में भाग लिया। रोजगार मेले के दौरान कई युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे उनमें उत्साह देखने को मिला। युवा शक्ति फाउंडेशन द्वारा आईटीआई प्रशिक्षित फिटर, वेल्डर, पाइप फिटर और इलेक्ट्रीशियन जैसे तकनीकी पदों के लिए चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 18 हजार रुपये मासिक वेतन पर नियुक्ति दी गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में भीषण सड़क हादसा: 407 मालवाहक अज्ञात वाहन से टकराई, चालक-सहचालक घायल
प्रशिक्षण के बाद स्थायी रोजगार का आश्वासन, आयोजकों ने जताई संतुष्टि
रोजगार मेले में स्ट्रीम डिजिटल सर्विस द्वारा भी स्टॉल लगाया गया, जहां युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। युवा शक्ति फाउंडेशन के अमित कुमार ने बताया कि चयनित युवाओं को एक वर्ष का अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर और आसपास की करीब 20 कंपनियों में स्थायी रोजगार से जोड़ा जाएगा। वहीं झारखंड बंगभाषी उन्नयन समिति के राजेश राय ने कहा कि ऐसे आयोजन का उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस आयोजन को सफल बनाने में साहित्यकार सुनील कुमार दे, शंकर चंद्र गोप, मृणाल पाल, राजकुमार साहू, दुलाल मुखर्जी, संजय साहू, बलराम गोप, रामकृष्ण सरदार, लोचना मंडल, तरुण दे एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य करुणामय मंडल सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।























