अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से भिड़ी कार, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के बड़ाजामदा स्थित झारखंड-उड़ीसा बॉर्डर पर नालदा गेट के समीप शनिवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। मिली जानकारी के अनुसार कार बड़ाजामदा से उड़ीसा के बम्बारी की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोनट बुरी तरह मुड़ गया, बंपर टूटकर लटक गया और विंडशील्ड चकनाचूर हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर OD 09 M 6639 बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Potka : हाता में रोजगार मेले का आयोजन, युवाओं को मिले ऑफर लेटर और नए अवसर
एयरबैग खुलने से बची चालक की जान, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे में कार चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए बड़बिल अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक संतुलन नहीं बना सका और यह दुर्घटना हुई। हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक की जान बचने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहत कार्य में सहयोग किया गया।























