स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सख्त, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : सरायकेला के राजनगर अस्पताल में टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में ऑपरेशन किए जाने की गंभीर घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ा संज्ञान लिया और इसे चिकित्सा व्यवस्था की बड़ी विफलता करार दिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक को निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को भी बिना किसी ढिलाई के सख्त कदम उठाने का आदेश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा बाजार में जलमिनार से लोहे के एंगल की चोरी, मंदिर कमेटी ने थाने में दी शिकायत
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
मंत्री ने सिविल सर्जन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में डीजी सेट और इन्वर्टर जैसी वैकल्पिक बिजली व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद इस तरह की घटना होना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के धानघोरी गांव में हाथियों का उत्पात, किसानों की फसलें बर्बाद
जिम्मेदारी तय करने पर जोर
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को जनता की सेवा के लिए नियुक्त किया गया है, न कि लापरवाही के लिए। गरीबों की जान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त सरायकेला को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने और सदर अस्पताल का नियमित औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी एएनएम और जीएनएम को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया है। सरकार ने साफ संदेश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में सुरक्षित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
























