छह हाथियों के झुंड ने मचाया तांडव, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
ग्रामीणों ने प्रशासन से की मदद की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के धानघोरी गांव में रविवार रात करीब छह हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। श्मशान घाट की ओर से गांव में घुसे इस झुंड ने मलय पातार, सुमन दास, रबी दास और हाड़ीबोंधु दास समेत कई किसानों के खेतों को निशाना बनाया। हाथियों ने लगभग एक एकड़ में लगी तैयार झिंगा (तोरई) और अन्य सब्जियों की फसलों को पूरी तरह रौंद दिया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : डिवाइन मिशन कॉलेज का शानदार जैक बोर्ड परिणाम, नए सत्र के लिए नामांकन शुरू
फसलों को हुआ भारी नुकसान
फसलों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने मशाल जलाकर और बम-पटाखे फोड़कर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन झुंड काफी आक्रामक था और तब तक इलाके में डटा रहा जब तक फसलें नष्ट नहीं हो गईं। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग की है।























