जनगणना में सक्रिय भागीदारी को लेकर मेयर ने दिया जागरूकता संदेश
स्व-गणना के पहले चरण में 15 मई तक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
जनगणना को बताया भविष्य की योजनाओं का आधार, दी ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी
SE ID और सत्यापन प्रक्रिया पर अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया को लेकर जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने नगरवासियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी स्व-गणना प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूर्ण करें और इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भविष्य की योजनाओं की मजबूत नींव है, जिससे सरकार को सही और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर मानगो नगर निगम के उप मेयर राहुल कुमार कश्यप ने भी अपने आवास पर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान सहायक नगर आयुक्त सह चार्ज पदाधिकारी चंदन कुमार, जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड के अधिकारी दिलीप कुमार, वार्ड पार्षद अश्विनी कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सपनों का सफर बना आखिरी सफर, घर लौटने से पहले उजड़ गया परिवार
जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तेज किया जागरूकता अभियान

मेयर सुधा गुप्ता ने बताया कि जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 01 मई से 15 मई तक संचालित की जा रही है। इस अवधि में अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि कोई भी व्यक्ति छूट न जाए। मेयर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना जरूर पूरी करें और अपने परिवार की जानकारी सही-सही दर्ज करें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती पर जमशेदपुर में भव्य आयोजन करेगा क्षत्रिय युवा संघ
घर-घर जाकर किया जाएगा मकान सूचीकरण कार्य
मेयर ने कहा कि जनगणना केवल संख्या संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं का आधार तैयार करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया के दौरान राज्य, क्षेत्र, मोबाइल नंबर, परिवार के मुखिया का विवरण और स्थान की जानकारी भरनी होगी। इसके बाद OTP सत्यापन और डिजिटल मैप पर घर की लोकेशन सेट करनी होगी। उन्होंने बताया कि सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने के बाद ‘Preview’ में जांच कर अंतिम सबमिशन करना होगा, क्योंकि एक बार सबमिट होने के बाद बदलाव संभव नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महंगाई और गैस कीमतों के खिलाफ झामुमो का प्रदर्शन, लकड़ी जलाकर बनाई चाय
ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया को लेकर लोगों को किया जा रहा जागरूक
अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की SE ID प्राप्त होगी, जो SMS के माध्यम से भी भेजी जाएगी। यह ID भविष्य में प्रगणक के सत्यापन के समय उपयोग में लाई जाएगी। यदि SE ID मेल खाती है तो डेटा स्वीकार किया जाएगा, अन्यथा पुनः सत्यापन कर जानकारी अपडेट की जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि यह प्रणाली पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई है। मेयर ने नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और समय पर स्व-गणना पूरी करें ताकि विकास योजनाएं अधिक प्रभावी रूप से लागू की जा सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्ला बोल, हजारों कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय घेरा
जनगणना प्रक्रिया में तकनीक आधारित नई व्यवस्था लागू
जनगणना 2027: स्व-गणना प्रक्रिया अब आप खुद से मोबाइल/लैपटॉप पर अपनी जनगणना की जानकारी भर सकते हैं।
पूरा प्रोसेस 4 भाग में है :
भाग 1: पोर्टल में प्रवेश एवं पंजीकरण
- वेबसाइट: https://se.census.gov.in पर जाएं
- क्षेत्र चुनें: राज्य = झारखण्ड, अपना क्षेत्र सेलेक्ट करें
- कैप्चा: स्क्रीन पर दिख रहा कोड डालें
- परिवार पंजीकरण: – मुखिया का नाम भरें – 10 अंकों का मोबाइल नंबर डालें – ईमेल आईडी (जरूरी नहीं) ।
पंजीकृत करते समय निम्न बातों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है : पंजीकरण के बाद नाम बदल नहीं सकते। एक परिवार = एक ही मोबाइल नंबर ।
भाग 2: सत्यापन एवं स्थान की पहचान
- भाषा: अपनी पसंदीदा भाषा चुनें
- OTP: मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें
- स्थान विवरण: जिला चुनें, पिन कोड डालें, गांव/शहर/वार्ड भरें
- मैप पर निवास: डिजिटल मैप पर लाल मार्कर को खींचकर अपने घर की सही लोकेशन सेट करें और पुष्टि करें।
भाग 3: डेटा दर्ज करना और अंतिम प्रस्तुतीकरण
- प्रश्नावली: मकान, मुखिया और परिवार की सभी जानकारी भरें
- सहायता: शंका हो तो FAQ और टूलटिप्स देखें
- पूर्वावलोकन: ‘Preview’ में सारी जानकारी चेक करें, गलती सुधारें
- सबमिट: “पुष्टि करें और सबमिट करें” पर क्लिक करें
नोट : एक बार सबमिट के बाद कोई बदलाव नहीं होगा ।
भाग 4 : SE ID का सृजन और सत्यापन
- SE ID मिलेगी : सबमिट के बाद 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या मिलेगी। ये SMS से भी आएगी
- प्रगणक को दिखाएं : जब Census वाला आपके घर आए तो SE ID बताएं
- सत्यापन : – SE ID मैच हुई तो डेटा स्वीकार – मैच नहीं हुई तो प्रगणक दोबारा जानकारी लेंगे।
























