जमशेदपुर में भाजपा का आक्रोश मार्च, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
रघुवर दास ने सरकार को घेरा, बागबेड़ा जलापूर्ति योजना का उठाया मुद्दा
एमजीएम अस्पताल में जल संकट को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू का हमला
भाजपा नेताओं ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बिजली-पानी संकट पर भाजपा ने आंदोलन तेज करने के दिए संकेत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले में गहराते बिजली और पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी सड़क पर उतर आई। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में गुरुवार को हजारों कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला कार्यालय से आक्रोश मार्च निकाला और जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे, बैनर, घड़े और तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने जलसंकट को लेकर घड़ा फोड़कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गांव से लेकर शहर तक लोग बिजली कटौती, ठप जलापूर्ति, खराब चापाकल और सूखते जलस्रोतों की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Potka : किसान की बेटी मालती टुडू ने बढ़ाया जिले का मान, 90% अंक के साथ टॉप-10 में बनाई जगह
गर्मी में बिजली-पानी संकट से लोगों की बढ़ी परेशानी

प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जमशेदपुर के शहरी इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग घंटों बिजली कटौती और पानी की कमी से परेशान हैं। कई इलाकों में चापाकल महीनों से खराब पड़े हैं और जलमीनारों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सरकार की ओर से राहत पहुंचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया और मुख्यमंत्री के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए गए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो पार्टी और बड़ा जनआंदोलन करेगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : 12वीं परीक्षा में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, छाया भकत बनी विद्यालय टॉपर
बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार पर विपक्ष का हमला तेज
मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि नागरिकों को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना किसी भी सरकार का पहला कर्तव्य होता है, लेकिन वर्तमान सरकार इस जिम्मेदारी में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में उनके कार्यकाल में हुई थी, लेकिन अब तक यह योजना अधूरी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के कारण हजारों लोगों को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। रघुवर दास ने हाल ही में सरायकेला-खरसावां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली गुल होने के दौरान मोबाइल टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिजली संकट के कारण जच्चा-बच्चा की मौत होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और सरकार की बड़ी विफलता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा महिला समिति ने संगीत प्रशिक्षण परीक्षा परिणाम किया घोषित
अधूरी योजनाओं और बिजली संकट पर भाजपा ने उठाए सवाल
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में भीषण जल संकट की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में कई वॉटर प्यूरीफायर खराब पड़े हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि मरीज बाथरूम का पानी पीने को मजबूर हैं और पानी की कमी के कारण जरूरी ऑपरेशन तक प्रभावित हो रहे हैं। विधायक ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल बयानबाजी में व्यस्त है। उन्होंने मांग की कि जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में जलमीनारों की मरम्मत, नियमित जलापूर्ति और खराब मोटरों को तत्काल ठीक कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सबर-बिरहोरों के उत्थान को जिला प्रशासन की नई पहल, शुरू हुआ विशेष सर्वे अभियान
अस्पतालों में पानी की समस्या पर विधायक ने जताई नाराजगी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने राज्य सरकार पर जन समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा केवल दिखावा बनकर रह गया है। उन्होंने दावा किया कि राजधानी रांची में भी 10 से 12 घंटे बिजली नहीं रह रही है, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति और खराब होगी। वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर के मानगो, बिरसानगर, घोड़ाबांधा और पोटका समेत कई क्षेत्रों में पानी और बिजली की स्थिति बदतर है। उन्होंने टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा नई पाइपलाइन परियोजनाओं में तेजी लाने, जलापूर्ति में सुधार, जर्जर बिजली तार बदलने और खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत की मांग की। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो पार्टी जनता के साथ मिलकर और बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

























