कठिन परिस्थितियों में मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता
प्रशासनिक सेवा में जाने का है सपना
बेटियों की शिक्षा से बदल रही ग्रामीण समाज की तस्वीर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका की रहने वाली पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा मालती टुडू ने 12वीं आर्ट्स परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में आठवां स्थान हासिल किया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मालती ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की। मालती एक गरीब किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता श्याम चरण टुडू खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मालती की माता का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद उनके पिता ने मां और पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाते हुए बेटी की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। मालती की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : Potka : 12वीं परीक्षा में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, छाया भकत बनी विद्यालय टॉपर
संघर्ष और मेहनत से छात्रा ने रचा सफलता का नया इतिहास
अपनी सफलता पर मालती टुडू ने कहा कि वह आगे भी मन लगाकर पढ़ाई जारी रखेंगी और भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज तथा क्षेत्र के लिए बेहतर कार्य करना चाहती हैं। विद्यालय की वार्डन रूमा हलदार ने मालती सहित सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन से विद्यालय को यह उपलब्धि मिली है। मालती की सफलता आज उन छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का हौसला रखती हैं।


























