करीब 9 करोड़ की लागत से विकसित होंगे दो-मंजिला कॉटेज, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बस स्टैंड के पीछे स्थित 183 एकड़ में फैले विशाल इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। शुक्रवार को विधायक Sameer Mohanty एवं सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि ने पार्क परिसर में बनने वाले 18 अत्याधुनिक दो-मंजिला कॉटेज का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। इन कॉटेज के निर्माण पर लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मौके पर वन विभाग के रेंजर दिग्विजय सिंह ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित करते हुए सैलानियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका की सीओ निकिता बाला विवाह बंधन में बंधीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया आशीर्वाद
पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के संगम पर स्थित यह पार्क आसपास के राज्यों का सबसे बड़ा इकोलॉजिकल पार्क है। उन्होंने कहा कि पार्क के विकास से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। रेस्टोरेंट, स्नैक्स कॉर्नर, गाइड सेवा और रखरखाव कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, प्रोफेसर श्याम मुर्मू, रासबिहारी साऊ, यदूपति राणा, बिसु ओझा, मिंटू पाल, चंदन सीट समेत कई गणमान्य लोग एवं वन विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।























