Share

Gua : किरीबुरू पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का किया उद्घाटन

  • भाजपा कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने किया भव्य स्वागत, सेवा और सुशासन पर दिया जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा के किरीबुरू आगमन पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Arjun Munda का जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति द्वारा पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं अभिनंदन के माध्यम से उनका सम्मान किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला शक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। स्वागत समारोह के बाद अर्जुन मुंडा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया।

इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमैट्रिक अटेंडेंस विवाद की सुनवाई अब सीजीआईटी धनबाद में, अगली तारीख पर पेश होंगे साक्ष्य

प्रशिक्षण अभियान को बताया राष्ट्र निर्माण का माध्यम

अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान केवल संगठनात्मक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज सेवा और लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने की भावना भी जरूरी है।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : “हाथियों को बांधकर नहीं रख सकते” बयान पर घिरीं विधायक सविता महतो, ग्रामीणों और समाजसेवियों में नाराजगी

महिला शक्ति और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही आकर्षण का केंद्र

प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और महिला शक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष संजू पाण्डेय, जेवी तुबीड, पूर्व मुख्यमंत्री Madhu Koda, पूर्व सांसद Geeta Koda सहित कई स्थानीय नेता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

Jamshedpur : नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल की गोष्ठी में सेवा कार्यों की बनी रूपरेखा

गुरु पूर्णिमा, रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण अभियान के सफल आयोजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर

  • गुरु पूर्णिमा, रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण अभियान के सफल आयोजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
  • आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुआ मंथन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के भालूबासा स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर में नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल, टाटानगर की एक विशेष गोष्ठी झारखंड प्रांत के समन्वयक संतोष कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महापर्व, 9 अगस्त को विशाल रक्तदान शिविर तथा श्रावण मास के दौरान एक माह तक चलने वाले वृक्षारोपण अभियान को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन कार्यक्रमों को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विप्र फाउंडेशन झारखंड की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार

श्रद्धांजलि सभा और जिम्मेदारियों का हुआ निर्धारण

गोष्ठी में विगत दो माह के दौरान महाप्रयाण कर चुके गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों की स्मृति में 12 जुलाई को गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर दिवंगत परिजनों के परिवारों के साथ गायत्री परिवार के सदस्य श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। गुरु पूर्णिमा महापर्व के आयोजन का दायित्व रूबी शर्मा, नेहा भगत और रंजीता राय को दिया गया। वहीं रक्तदान शिविर के लिए संजीव कुमार सिन्हा, संगीता साल और आलोक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रावण मास के वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व अमित वर्मा और संजय वर्मा करेंगे।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्व. गुरदयाल सिंह भाटिया की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजसेवा के योगदान को किया गया याद

वैवाहिक वर्षगांठ पर दी शुभकामनाएं, सेवा का लिया संकल्प

बैठक के उपरांत गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन वीरेंद्र नाथ पांडे एवं सत्यवती पांडे की वैवाहिक वर्षगांठ हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाई गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Jamshedpur : विप्र फाउंडेशन झारखंड की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार

रांची में आयोजित समारोह में सात जिलों की कमिटियों की घोषणा जमशेदपुर और चाईबासा इकाई को मिली नई जिम्मेदारी जेबी

  • रांची में आयोजित समारोह में सात जिलों की कमिटियों की घोषणा
  • जमशेदपुर और चाईबासा इकाई को मिली नई जिम्मेदारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : विप्र फाउंडेशन झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह रविवार को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ राज्य के सात जिलों की नई कमिटियों की भी विधिवत घोषणा की गई। जमशेदपुर जिला इकाई के लिए सुरेश शर्मा को अध्यक्ष और राजेश शर्मा को सचिव नियुक्त किया गया, जबकि चाईबासा जिला इकाई में अनुप जोशी को अध्यक्ष एवं पवन शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा रांची, सिमडेगा, गिरिडीह, देवघर और रामगढ़ जिलों की नई कमिटियों की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्व. गुरदयाल सिंह भाटिया की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजसेवा के योगदान को किया गया याद

बड़ी संख्या में जुटे समाज के प्रतिनिधि

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सीए डॉ. सुनील शर्मा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सीए जयप्रकाश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन शशांक भारद्वाज और प्रमोद सारस्वत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जमशेदपुर से सांवरलाल शर्मा, गणेश दायमा, देवराज, बैजनाथ, अनिल, गोविंद भारद्वाज, प्रदीप मिश्रा, दिलीप, सनी, मनोज, अंकित सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। वहीं झारखंड के विभिन्न जिलों से महिला एवं पुरुष प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

Jamshedpur : स्व. गुरदयाल सिंह भाटिया की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजसेवा के योगदान को किया गया याद

बिष्टुपुर गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में जुटे समाज के गणमान्य लोग सीजीपीसी ने भाई मोहन सिंह को किया सम्मानित श्रद्धा

  • बिष्टुपुर गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में जुटे समाज के गणमान्य लोग
  • सीजीपीसी ने भाई मोहन सिंह को किया सम्मानित
  • श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई पुण्यतिथि

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रमुख उद्योगपति स्वर्गीय गुरदयाल सिंह भाटिया की तीसरी पुण्यतिथि रविवार को बिष्टुपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके पुत्र दयाल बिल्डर्स के चेयरमैन सुरेंद्र पाल सिंह टीटू, पोत्र साहिब सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्यों की ओर से विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर स्वर्गीय गुरदयाल सिंह भाटिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। सिख पंथ के प्रख्यात कीर्तनकार भाई गुरविंदर सिंह रुद्रपुर वाले ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया और दिवंगत आत्मा की स्मृति में अरदास की गई। कार्यक्रम में विधायक मंगल कालिंदी, पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर बॉबी सिंह तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : ‘प्रोजेक्ट जागृति’ से टीबी उन्मूलन अभियान को मिली नई मजबूती

सामाजिक सौहार्द और शिक्षा के क्षेत्र में रहा उल्लेखनीय योगदान

वक्ताओं ने स्वर्गीय गुरदयाल सिंह भाटिया के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संरक्षक, स्टेशन रोड गुरुद्वारा एवं गौरी शंकर रोड गुरुद्वारा से जुड़े विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके अलावा वे जुगसलाई थाना शांति समिति के अध्यक्ष तथा सेंट्रल शांति समिति के सक्रिय सदस्य भी रहे। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों के दौरान विभिन्न समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। गौरी शंकर रोड गुरुद्वारा परिसर में स्थापित जीआरडी इंग्लिश स्कूल के शुरुआती विकास में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा, जिसका लाभ आज सभी समुदायों के विद्यार्थी उठा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : दीवार गिरने से दिव्यांग युवती की मौत, गांव में पसरा मातम

हर संकट में समाज को जोड़ने का किया प्रयास

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय गुरदयाल सिंह का व्यक्तित्व अत्यंत प्रभावशाली और सर्वमान्य था। किसी भी सामाजिक विवाद या तनावपूर्ण स्थिति में उनकी उपस्थिति समाधान का मार्ग प्रशस्त करती थी। वक्ताओं ने बताया कि रामनवमी और मोहर्रम जैसे आयोजनों में वे हमेशा बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद जब क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना था, तब उन्होंने विभिन्न समुदायों के लोगों के बीच संवाद स्थापित कर शांति और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए भी वे सदैव तत्पर रहते थे। उनके जीवन से समाजसेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा मिलती है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ट्रैक मेंटेनरों को मकान किराया भत्ता नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी

सीजीपीसी ने भाई मोहन सिंह को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की ओर से स्वर्गीय गुरदयाल सिंह भाटिया के परिवार द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर उनके भाई सरदार मोहन सिंह, पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह टीटू तथा पोत्र साहिब सिंह को दीन-दुखियों की सेवा और सामाजिक योगदान के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीजीपीसी चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, वाइस चेयरमैन गुरमीत सिंह एवं हरदीप सिंह दीप, वरीय उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन रामकृष्ण सिंह, स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रधान महेंद्र पाल सिंह, केंद्रीय सिख स्त्री सभा की चेयरमैन कमलजीत कौर सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, धार्मिक प्रतिनिधि और संगत उपस्थित रही। कार्यक्रम का समापन अरदास और गुरु का लंगर वितरण के साथ हुआ।

Chaibasa : ‘प्रोजेक्ट जागृति’ से टीबी उन्मूलन अभियान को मिली नई मजबूती

पश्चिमी सिंहभूम में 155 निक्षय मित्रों ने 638 टीबी मरीजों को लिया गोद जनभागीदारी से बढ़ रहा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

  • पश्चिमी सिंहभूम में 155 निक्षय मित्रों ने 638 टीबी मरीजों को लिया गोद
  • जनभागीदारी से बढ़ रहा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित ‘प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति मिल रही है। इस पहल के तहत समाज के विभिन्न वर्गों के लोग निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के उपचार और पोषण में सहयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक जिले में 155 व्यक्ति, संस्थाएं और सामाजिक संगठन 638 टीबी मरीजों को गोद ले चुके हैं। ये निक्षय मित्र मरीजों को नियमित रूप से पोषण सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ा रहे हैं। अप्रैल 2026 से 1 जुलाई 2026 तक जिले में उपचाररत टीबी मरीजों की संख्या 3,320 दर्ज की गई है। अभियान का उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण, नियमित दवा सेवन और समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें शीघ्र स्वस्थ बनाना है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : दीवार गिरने से दिव्यांग युवती की मौत, गांव में पसरा मातम

पदाधिकारी और संस्थाएं निभा रहे सामाजिक जिम्मेदारी

अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, निजी अस्पतालों, सामाजिक संस्थाओं तथा जेएसएलपीएस के सीएलएफ समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वयं 51 टीबी मरीजों को गोद लेकर अभियान में प्रेरणादायक भूमिका निभाई है। वहीं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने 21, झींकपानी की प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा आइंद ने 22, आरईओ चक्रधरपुर के कार्यपालक अभियंता विकास खलखो ने 20 तथा झींकपानी के अंचलाधिकारी नितेश खलखो ने 17 मरीजों को गोद लिया है। सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी सहित कई अधिकारियों ने भी 11-11 मरीजों की जिम्मेदारी संभाली है। इसके अलावा सृष्टि अल्ट्रासाउंड एंड आई क्लिनिक, प्रवीण अल्ट्रासाउंड एंड आई क्लिनिक, गायत्री सेवा सदन, लाइफ नर्सिंग होम, संजीव नेत्रालय, सनराइज अस्पताल और सीएलएफ सोनुवा जैसे संस्थानों ने भी 11-11 मरीजों को गोद लेकर अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की नई टीम का गठन, विकास गुप्ता ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

निक्षय मित्रों की भूमिका से बढ़ रही जागरूकता

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निक्षय मित्र द्वारा गोद लिए गए प्रत्येक टीबी मरीज को छह माह तक पोषण सामग्री की टोकरी उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाता है कि मरीज स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही टीबी रोधी दवाओं का नियमित सेवन करें। उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सक्षम नागरिकों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, निजी संस्थानों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब समाज का हर सक्षम व्यक्ति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाए। जिला प्रशासन का मानना है कि ‘प्रोजेक्ट जागृति’ न केवल मरीजों को बेहतर उपचार और पोषण उपलब्ध करा रहा है, बल्कि समाज में टीबी के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहा है।

Chaibasa : दीवार गिरने से दिव्यांग युवती की मौत, गांव में पसरा मातम

मंझारी थाना क्षेत्र के बामे हुटूब गांव में हुआ दर्दनाक हादसा घर के बाहर दातुन कर रही थी सुखमति, अचानक

  • मंझारी थाना क्षेत्र के बामे हुटूब गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
  • घर के बाहर दातुन कर रही थी सुखमति, अचानक ढह गई दीवार

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : चाईबासा के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के बामे हुटूब गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय दिव्यांग युवती सुखमति बानरा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुखमति अपने घर के बाहर दातुन कर रही थी। इसी दौरान अचानक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार के भारी मलबे के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और युवती को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की नई टीम का गठन, विकास गुप्ता ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार गई युवती

मृतका के जीजा चन्द्र भूषण बिरुवा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद वाहन की व्यवस्था कर सुखमति को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सुखमति दिव्यांग थी और परिवार के साथ गांव में रहती थी। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ट्रैक मेंटेनरों को मकान किराया भत्ता नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश से कमजोर हुई थी दीवार, जांच में जुटी पुलिस

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कच्चे मकान की दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के कारण दीवार की मजबूती खत्म हो गई और वह अचानक ढह गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सहायता देने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर मकानों की सुरक्षा और बारिश के मौसम में बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।

Chaibasa : रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की नई टीम का गठन, विकास गुप्ता ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

34वें इंस्टॉलेशन समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, समाज सेवा और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकल्प भव्य

  • 34वें इंस्टॉलेशन समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, समाज सेवा और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकल्प
  • भव्य समारोह के साथ नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : चाईबासा के सनशाइन रेस्टोरेंट में रविवार को रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा का 34वां इंस्टॉलेशन समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विकास गुप्ता ने अध्यक्ष तथा सौरव कुमार गुप्ता ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, इंस्टॉलिंग ऑफिसर रोटेरियन अनिल शर्मा तथा रोटरी और रोटरैक्ट क्लब के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद रोटेरियन अनिल शर्मा ने विकास गुप्ता को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत नव निर्वाचित अध्यक्ष ने नई कार्यकारिणी और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ट्रैक मेंटेनरों को मकान किराया भत्ता नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी

युवाओं की ऊर्जा समाज परिवर्तन की ताकत : दीपक बिरुवा

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि रोटरैक्ट क्लब वर्षों से समाज सेवा, जागरूकता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। नई टीम भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाएगी और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए उपयोगी कार्यक्रम संचालित करेगी। नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि रोटरैक्ट जैसी युवा संस्थाएं शहर और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने भविष्य में नगर परिषद और रोटरैक्ट क्लब के संयुक्त प्रयासों से जनहित एवं नगर विकास से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित करने की उम्मीद जताई।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : छह माह से बंद सोलर जल मीनार, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

सेवा, अनुशासन और नेतृत्व को प्राथमिकता देने का आह्वान

रोटेरियन अनिल शर्मा ने अपने संबोधन में रोटरी इंटरनेशनल और रोटरैक्ट आंदोलन के इतिहास, उद्देश्यों एवं मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए नई टीम को सेवा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि रोटरैक्ट युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। वहीं, अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि उनके कार्यकाल में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने, नए सदस्यों को जोड़ने, रक्तदान शिविर आयोजित करने, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और विभिन्न सामुदायिक सेवा परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल अध्यक्ष का नहीं, बल्कि पूरी टीम का कार्यकाल होगा, जिसमें सभी सदस्य मिलकर समाजहित में कार्य करेंगे।

इसे भी पढ़ें : Potka : हल्दीपोखर और बुरूडीह में ‘अपूर पाठशाला’ का शुभारंभ, बांग्ला भाषा संरक्षण की नई पहल

नई टीम को मिली शुभकामनाएं, कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

नई कार्यकारिणी में विकास गुप्ता अध्यक्ष, सौरव कुमार गुप्ता सचिव, विनय लोढ़ा इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट, रवि अग्रवाल एवं अक्षय कुमार गुप्ता उपाध्यक्ष, सुमित रक्षित एवं निशान चौबे संयुक्त सचिव, अभिषेक कुमार कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। एडवाइजरी कमेटी में सदाशिव खत्री, सुमित अग्रवाल, विवेक शर्मा, सौरभ मुंधड़ा, राहुल सर्राफ एवं निलाशीष मजूमदार को शामिल किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, लायंस क्लब तथा प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। समारोह का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष विकास गुप्ता और उनकी पूरी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने की उम्मीद जताई।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top