लोक संगीत, राजस्थानी व्यंजन, मिनी जैसलमेर और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
परिवार संग राजस्थान की संस्कृति का आनंद लेने का सुनहरा अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में 17, 18 और 19 मई 2026 को “राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपरा, कला, संगीत, खान-पान और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन समिति ने प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि महोत्सव का शुभ उद्घाटन 17 मई, रविवार को शाम 5 बजे होगा। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जबकि हेमंत सोरेन के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी और टाटा स्टील के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का समापन, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन मजबूत करने का मंत्र
राजस्थान महोत्सव को लेकर शहर में बढ़ा उत्साह
सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थान की गौरवशाली परंपरा और लोक संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए जमशेदपुरवासियों को राजस्थान की मिट्टी की सौंधी खुशबू, पारंपरिक जीवनशैली और राजस्थानी आतिथ्य का अनूठा अनुभव मिलेगा। इस वर्ष मेले का सबसे बड़ा आकर्षण “मिनी जैसलमेर” होगा, जहां रेगिस्तानी संस्कृति, रेत के टीले, ऊंट की सवारी और राजस्थानी सजावट लोगों को आकर्षित करेगी। इसके साथ ही “चोखी ढाणी” थीम पर तैयार विशेष क्षेत्र में लोग पारंपरिक राजस्थानी माहौल में बैठकर दाल-बाटी-चूरमा सहित कई प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई शनिदेव मंदिर में शनि शांति यज्ञ, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
मिनी जैसलमेर और चोखी ढाणी बनेंगे मेले की खास पहचान
महोत्सव के दौरान लोक संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 17 मई को प्रसिद्ध लोक गायक संजय मुकुंदगढ़ अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं 18 मई को चर्चित थिएटर ग्रुप टर्बन टेल्स द्वारा हास्य-व्यंग्य से भरपूर मारवाड़ी नाटक “शेक्सपियर म्हारो जमाई” का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन ध्रुमित चौहान ने किया है। 19 मई को प्रसिद्ध लोक गायिका सीमा मिश्रा अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। इसके अलावा घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली शो और लोक संगीत के जरिए ग्रामीण राजस्थान की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : समाजसेवी किशन भारद्वाज के निधन से शोक की लहर
लोक कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगी राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या
मेले में राजस्थानी वस्त्र, हस्तशिल्प, आभूषण, गृह सज्जा सामग्री और पारंपरिक कलाकृतियों के कई स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों और महिलाओं के लिए गेम जोन, सांस्कृतिक झांकियां और मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने बताया कि “चोखी ढाणी” में प्रवेश स्लॉट आधारित होगा और इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने जमशेदपुर और आसपास के लोगों से परिवार सहित इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होकर राजस्थान की समृद्ध विरासत और संस्कृति का आनंद लेने की अपील की है।