तालाब में नहाने के दौरान आसमानी बिजली की चपेट में आए सापू इस्लाम
मृतक के परिजनों को सहायता देने की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुड़िया पंचायत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कालाबांध तालाब में नहाने के दौरान आसमानी बिजली यानी ठनका गिरने से 58 वर्षीय राजमिस्त्री सापू इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई। सापू इस्लाम मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के रहने वाले थे और पिछले करीब 15 वर्षों से मानुषमुड़िया में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह क्षेत्र में राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, बीते शाम काम खत्म करने के बाद वह रोज की तरह तालाब में हाथ-पैर धोने और नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा और वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : बट सावित्री व्रत पर गुवा में दिखी श्रद्धा, महिलाओं ने रखा पति की लंबी आयु का व्रत
बहरागोड़ा में अचानक मौसम बदला, ठनका गिरने से हुई मौत
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में परिजन सापू इस्लाम के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सापू इस्लाम मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे, जिनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा के तहत पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की है।



























