सुहागिन महिलाओं ने निर्जला उपवास रख पति की लंबी आयु की कामना की
सावित्री-सत्यवान कथा के साथ संपन्न हुआ वट सावित्री व्रत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने सोलह शृंगार कर निर्जला उपवास रखा और अपने पति की दीर्घायु तथा अखंड सौभाग्य की कामना की। सुबह से ही महिलाएं नए परिधानों में सज-धजकर पूजा की थाली के साथ मंदिर परिसरों और वट वृक्ष स्थलों पर पहुंचीं। वहां महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करते हुए वट वृक्ष पर जल अर्पित किया और पेड़ के तने में रक्षा सूत्र बांधकर परिक्रमा की। पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ठनका गिरने से राजमिस्त्री की मौत, इलाके में शोक की लहर
वट वृक्ष की पूजा के लिए मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़
पूजा के दौरान पुरोहितों ने महिलाओं को सावित्री-सत्यवान की पौराणिक कथा सुनाई और व्रत के धार्मिक महत्व की जानकारी दी। महिलाओं ने सुखद वैवाहिक जीवन, परिवार की खुशहाली और पति की लंबी आयु की प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद महिलाओं ने जल और प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोला। पूरे ग्रामीण क्षेत्र में इस पर्व को लेकर उल्लास और आस्था का वातावरण देखने को मिला।



























