सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
सावित्री-सत्यवान कथा के साथ संपन्न हुआ बट सावित्री व्रत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र में शनिवार को बट सावित्री व्रत श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा। सुबह लगभग 6 बजे से ही गुवा बाजार स्थित शिव मंदिर, योग नगर स्थित शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों और घरों में महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पूजा स्थलों पर पहुंचीं और विधि-विधान के साथ बट सावित्री की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा महिलाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Potka : वट सावित्री पूजा पर पोटका में उमड़ी आस्था, सुहागिन महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत
गुवा के मंदिरों में सुबह से उमड़ी श्रद्धालु महिलाओं की भीड़
पूजा के दौरान पुजारियों ने विधिवत पूजा कराते हुए महिलाओं को सावित्री-सत्यवान की कथा सुनाई। कथा के माध्यम से व्रत के धार्मिक महत्व और पौराणिक मान्यताओं की जानकारी दी गई। महिलाओं ने बरगद यानी वट वृक्ष की विशेष पूजा करते हुए उसके चारों ओर परिक्रमा की और सूत का धागा बांधकर अखंड सौभाग्य की कामना की। पूरे गुवा क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। पूजा संपन्न होने के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं देते हुए परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।



























