भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का लिया गया निर्णय
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों ने दिया आश्वासन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना परिसर में शनिवार को बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भूमि सुधार उपसमाहर्ता नीत नितिन सुरीन ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने का सामूहिक निर्णय लिया। बैठक में उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा संबंधी गाइडलाइनों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमीट्रिक प्रणाली लागू करने पर सेल प्रबंधन घिरा, श्रमिक संगठनों ने उठाए सवाल
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की प्रशासन ने की अपील
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और जल निकासी के लिए नालों की साफ-सफाई जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। इस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर, डॉ. उत्पल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।



























