पंचायत चुनाव की तैयारी और डिजिटल सक्रियता पर दिया गया विशेष जोर
पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
किरीबुरू : किरीबुरू में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के तहत जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल ध्वज प्रणाम और शाखा कार्यक्रम के साथ हुई, जिसमें अनुशासन, राष्ट्रसेवा और संगठन के मूल सिद्धांतों पर बल दिया गया। इसके बाद सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता और एकजुटता का माहौल बना। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई शनिदेव मंदिर में शनि शांति यज्ञ, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर अपने विचार रखे। अजय कुमार ने विचार परिवार विषय पर भाजपा की राष्ट्र प्रथम विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं मृत्युंजय शर्मा ने व्यावहारिक सत्र में जनसंपर्क और संवाद कौशल की महत्ता बताई। राहुल सहदेव ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने का आह्वान किया। समापन सत्र में डॉ. प्रदीप वर्मा ने 2027 पंचायत चुनाव को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए बूथ स्तर तक विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने की बात कही। अंत में जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मधु कोड़ा सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

























