अमावस्या पर हवन, भंडारा और भजन संध्या में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
रजक मोहल्ला शनि मंदिर में दिनभर चला पूजन कार्यक्रम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित दुखु मार्केट रेलवे लाइन किनारे सत्यनारायण मंदिर रोड पर शनिवार को शनिदेव मंदिर में झारखंड शनि शांति यज्ञ (हवन) का भव्य आयोजन किया गया। अमावस्या के शुभ अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का नेतृत्व महंत दामोदर शनि बाबा ने किया। सुबह 8 बजे से नवग्रह पूजा और हवन की शुरुआत हुई, जो शाम 6:30 बजे तक चली। दोपहर 11 बजे से शुरू हुए भंडारे में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक विशेष नागरिकों ने हवन-पूजन में भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : समाजसेवी किशन भारद्वाज के निधन से शोक की लहर
अमावस्या पर शनिदेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
पूजा-अर्चना का संपूर्ण कार्यक्रम पंडित अशोक शर्मा के नेतृत्व में 11 पंडितों द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र भी बांधा गया। शाम के समय श्रीगणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक भजन संध्या का आयोजन हुआ, जो रात 11 बजे तक चला। इस दौरान मनोज पारिक एंड टीम ने “शनि जयंती आई शनि जयंती आई”, “शनि की कृपा जिस पर हो जाए” और “बजरंग बली ने झूमकर डंका बजा दिया” जैसे भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित कई समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमीट्रिक प्रणाली लागू करने पर सेल प्रबंधन घिरा, श्रमिक संगठनों ने उठाए सवाल
भजन संध्या में गूंजे भक्ति गीत, श्रद्धालु हुए भावविभोर
इधर, जुगसलाई गर्ल्स स्कूल के पीछे रजक मोहल्ला स्थित शनि मंदिर में भी अमावस्या के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ पूजन कार्य दिनभर चलता रहा। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को पंडित रामकिशोर भार्गव ने विधिवत पूजा कराई और प्रसाद वितरित किया। दोनों मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में महंत दामोदर बाबा, अशोक शर्मा, सोनी शर्मा, आयुषी, धर्मेंद्र, शैलेश कुमार मुन्ना समेत कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

























