भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकने को मजबूर हुए ग्रामीण, प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीण क्षेत्रों में खराब जलमीनार बनी बड़ी समस्या
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरी पंचायत अंतर्गत मधुआबेड़ा गांव के बगालडीही टोला में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। टोला में लगा एकमात्र सोलर जलमीनार पिछले करीब दो महीनों से खराब पड़ा है, जिसके कारण ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक घरेलू जरूरतों के लिए लोग दूसरे घरों से पानी लाने को मजबूर हैं। वहीं नहाने और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए ग्रामीणों को तपती धूप में सुवर्णरेखा नदी तक जाना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली-मुरी में पेट्रोल संकट से जनता परेशान, नेताओं की चुप्पी पर उठे सवाल
भीषण गर्मी में गांवों में गहराया पेयजल संकट
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि जलमीनार का निर्माण किस विभाग द्वारा कराया गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की गई। लगातार बढ़ती गर्मी और जल संकट से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि खराब पड़े सोलर जलमीनार की जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि टोले के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
























