उमस भरी गर्मी में बिजली संकट से 50 घर प्रभावित, मंदिर परिसर में भी बढ़ी परेशानी
चित्रेश्वर मंदिर क्षेत्र में बिजली बहाली की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : चित्रेश्वर मंदिर परिसर में लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर से निकलने वाला तार जल जाने के कारण पिछले दो दिनों से आसपास का पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली आपूर्ति ठप होने से मंदिर परिसर सहित करीब 50 घरों में भारी परेशानी उत्पन्न हो गई है। भीषण और उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी पूरी तरह डिस्चार्ज हो चुके हैं, जिससे रात के समय लोगों को मोमबत्ती और मोबाइल टॉर्च के सहारे काम चलाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर की तपिश और रात की उमस ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बगालडीही टोला में दो महीने से बंद पड़ी जलमीनार, पेयजल संकट से ग्रामीण बेहाल
भीषण गर्मी में बिजली संकट से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
स्थानीय ग्रामीण प्रिया लाल लेंका, जयंत घोष, बृजेंद्र घोष, रवि शंकर दुबे, रतिकांत साहू, समु लेंका, विजय कुमार साहू, सौरभ शामल और पिंटू लेंका ने बताया कि लोग रात में छतों पर टहलकर समय बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले ही जल चुका था और अब तार जलने से समस्या और गंभीर हो गई है। बिजली नहीं रहने के कारण मंदिर में पानी की मोटर भी बंद पड़ी है, जिससे श्रद्धालुओं और पुजारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक मरम्मत या नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
























