सुबह घर से निकले छात्र का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक के पास मिला, परिवार में मातम
घाटशिला जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की
रेल हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के छात्र वरुण महतो (19) की ट्रेन हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना जमशेदपुर-खड़गपुर रेलखंड स्थित राखा माइंस रेलवे स्टेशन के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। मृतक चांडिल थाना क्षेत्र के लेटेंमदा पंचायत अंतर्गत दारूदा टोला का निवासी था। उसके पिता का नाम धीरेंद्र नाथ महतो है। जानकारी के अनुसार वरुण बुधवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकला था, लेकिन दोपहर में उसका शव राखा माइंस रेलवे स्टेशन के पास क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का एक सप्ताह में सत्यापन पूरा करने का उपायुक्त ने दिया निर्देश
कॉलेज छात्र की मौत से गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलने के बाद घाटशिला जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल शव को जादूगोड़ा स्थित यूसीिल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को घाटशिला में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वरुण की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। करीम सिटी कॉलेज के छात्रों और स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।























