निदेशक एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए सदस्यों ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : मेघाहातुबुरु स्थित एनएमडीसी कर्मचारी उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति लिमिटेड के निदेशक एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के चुनाव को लेकर शुक्रवार को सामुदायिक भवन में मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी आवाजाही देखी गई, जिससे पूरे परिसर में चुनावी माहौल बना रहा। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पांच सदस्यीय टीम तैनात की गई थी। टीम में टिप्पण मंडल, दिनेश मिस्त्री, अजय महतो, अभिजीत गोप और प्रशांत एक्का शामिल रहे। अधिकारियों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से चलती रही।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-33 पर दर्दनाक हादसा, चंद्रपुर गांव के दो युवकों की मौत से मातम
पांच प्रत्याशी मैदान में, मतगणना के बाद होगी विजेता की घोषणा
इस चुनाव में कुल 113 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निदेशक एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। प्रकाश हेंब्रम को स्कूटर, बीरबल गुड़िया को छाता, राज कुमार प्रसाद को बैग, सुशील कुमार मिश्रा को टेबल फैन तथा संदीप तीयू को हाथ घड़ी चुनाव चिन्ह मिला है। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक भी अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। हालांकि प्रशासनिक सतर्कता के कारण पूरे चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद विजेता उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।























