जर्जर तार, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर की समस्याओं पर अधिकारियों से की विस्तृत चर्चा, जल्द समाधान का मिला भरोसा
गलत बिजली बिल और नए कनेक्शन की समस्याओं पर भी अधिकारियों से हुई सकारात्मक वार्ता
पोटका क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधार को लेकर बढ़ी प्रशासनिक सक्रियता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन ने पोटका विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता तेज कर दी है। शुक्रवार को वह करनडीह बिजली कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में जर्जर बिजली तार, पुराने एवं झुके हुए पोल, खुले लटकते तारों को अंडरग्राउंड करने, लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई। दुखनी सोरेन ने कहा कि पोटका क्षेत्र के कई गांवों में बिजली व्यवस्था बदहाल है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में नए पोल और बेहतर तार लगाने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी।
इसे भी पढ़ें : Gua : एनएमडीसी उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने पर विभाग का फोकस
बैठक के दौरान दुखनी सोरेन ने बिजली उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल उपलब्ध कराने, गलत बिजली बिल में सुधार, खराब मीटर बदलने तथा नए बिजली कनेक्शन लेने में लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित समाधान होना चाहिए ताकि लोगों का विभाग पर भरोसा बना रहे। इसके अलावा बारिश और आंधी के दौरान घंटों बिजली बाधित रहने की समस्या पर भी उन्होंने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित, निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है तथा चरणबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान किया जाएगा।























