एक वर्ष तक मिलेगा पोषण आहार, पंचायत उठाएगी इलाज की जिम्मेदारी
जनप्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मरीजों का बढ़ाया हौसला
पंचायतों की पहल से जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा संबल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र की पूर्वी पंचायत एवं पश्चिमी पंचायत ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए सराहनीय पहल की है। पंचायतों द्वारा चार मरीजों को गोद लेकर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उपचार की जिम्मेदारी उठाई गई है। जानकारी के अनुसार पूर्वी पंचायत में दो तथा पश्चिमी पंचायत में दो मरीजों का चयन किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी मरीजों को लगातार एक वर्ष तक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके। इसके अलावा पंचायत स्तर पर मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल को लेकर क्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधियों की काफी सराहना हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पोटका में सक्रिय हुईं दुखनी सोरेन, बिजली समस्याओं को लेकर करनडीह कार्यालय पहुंचीं
ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहयोग की नई मिसाल बनी पंचायतों की पहल
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीजों की हरसंभव सहायता की जाएगी। इस अवसर पर चांदमनी लागुरी, पद्मिनी लागुरी, देवकी कुमारी तथा रोजगार सेवक कृतिधर महतो सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं। सभी ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।























