आम लदी पिकअप वैन को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक और सहचालक की गई जान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बरसोल थाना क्षेत्र की भूतिया पंचायत स्थित चंद्रपुर गांव में उस समय मातम पसर गया जब गांव के दो कमाऊ युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घाटशिला से कच्चा आम लादकर बिहार की ओर जा रही पिकअप वैन (JH05DU-0147) को हजारीबाग के चरही ओवरब्रिज स्थित NH-33 पर रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सोना राम सोरेन (30) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सहचालक रविंद्र नाथ मांडी (22) को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : दुबिल माइंस में स्थानीय रोजगार और मुआवजे की मांग तेज, ग्राम सभा ने दी आंदोलन की चेतावनी
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में पसरा मातम
गंभीर रूप से घायल रविंद्र नाथ मांडी ने भी रांची सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह करीब 11 बजे दम तोड़ दिया। चरही पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और मेहनत-मजदूरी व ड्राइवरी कर घर का पालन-पोषण करते थे। इस हादसे ने सोना राम के दो वर्षीय बेटे और रविंद्र नाथ की छह महीने की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया छीन लिया। बुजुर्ग माता-पिता और छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।























