सात मौजा के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मनाया पारंपरिक गाजन उत्सव, छऊ नृत्य बना आकर्षण का केंद्र
छऊ नृत्य और शिव भक्ति ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की ब्राह्मणकुंडी पंचायत अंतर्गत गमारिया स्थित ऐतिहासिक जलेश्वर शिव मंदिर में पारंपरिक गाजन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। गमारिया, छोटा कुलिया, कोषतडुआ, बड़ा कुलिया, नेतरा, जाउड़ी और केंद्रडीहा समेत सात मौजा के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया। उत्सव के दौरान श्रद्धालु और भोक्ता सबसे पहले कोषतडुआ तालाब में पवित्र स्नान कर गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर शिव तांडव करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचे। यहां मुख्य पुजारी अजित मिश्रा ने विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कराई। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा। ग्रामीणों का मानना है कि यह पर्व वर्षों पुरानी परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : 45 डिग्री की तपिश में भी गूंज रहा हरिनाम, गुवा में जारी अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन
सात गांवों की आस्था का केंद्र बना जलेश्वर शिव मंदिर
गाजन पर्व के दौरान शिव भक्तों की कठिन तपस्या और हैरतअंगेज करतब आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। कई भोक्ताओं ने अपनी जीभ में आठ से दस फीट लंबी लोहे की छड़ घोंपकर भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा प्रकट की, वहीं कुछ श्रद्धालु दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलते नजर आए। इन दृश्यों को देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात पवित्र ‘गोरिया भार’ लाने की परंपरा निभाई गई, जिसके बाद ओडिशा से आई प्रसिद्ध टीम ने मनमोहक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ सतपति, सचिव मनोज महापात्र समेत सभी सदस्यों और सातों गांवों के ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।



























