सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी लगाने की उठी मांग
स्मारक से कॉपर रस्सी चोरी मामले को लेकर समिति हुई सक्रिय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : किरीबुरू स्थित बिरसा मुंडा स्मारक से धनुष में लगी कॉपर की रस्सी चोरी होने की घटना को लेकर बिरसा स्मारक सेवा समिति, किरीबुरू-मेघाहातुबुरू-प्रोस्पेक्टिंग के पदाधिकारियों ने किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार से मुलाकात कर मामले पर गंभीर चर्चा की। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिरसा मुंडा स्मारक आदिवासी समाज की आस्था, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल से चोरी की घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि समाज की भावनाओं को भी आहत करती है। समिति ने मांग की कि घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसे भी पढ़ें : Gua : एसडीपीओ अजय केरकेट्टा को पारंपरिक विदाई, विनीत कुमार किंडो का आदिवासी रीति से स्वागत
रात में गश्त और सीसीटीवी लगाने की उठी मांग
समिति के प्रतिनिधिमंडल में महासचिव अमर सिंह सुंडी, बीरबल गुड़िया, सेरगेया अंगारिया, माधव चन्द्र कोड़ा, बलभद्र बिरुली, प्रदीप चातर, भीमसेन मारला और गोपी लागुरी शामिल थे। पदाधिकारियों ने कुछ संदिग्ध बच्चों और युवकों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए देर रात तक घूमने वालों पर निगरानी रखने की मांग की। साथ ही शहर में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई। समिति ने कहा कि वर्तमान में पुलिस बेहतर कार्य कर रही है, लेकिन असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पुरुनापानी में मैत्री संगठन का विशाल रक्तदान शिविर, तीन राज्यों के 30 लोगों ने किया रक्तदान
थाना प्रभारी ने कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने का दिया आश्वासन
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सेल प्रबंधन को शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पत्र भेजा गया था। अब पुनः सेल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर जल्द कैमरे लगाने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और समाज के सहयोग से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा।
























