राहगीरों और आम लोगों के लिए ठंडे पानी की सुविधा, थाना प्रभारी रोहित कुमार की पहल की सराहना
गर्मी से राहत देने के लिए पुलिस ने शुरू की जनसेवा पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच किरीबुरू पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आम लोगों, राहगीरों और मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल की विशेष व्यवस्था की है। थाना क्षेत्र के सेंडल चौक, सेंडल मोड़, पुलिस चेक पोस्ट, सड़क किनारे और थाना परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ठंडा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में आरओ का शुद्ध और ठंडा पानी लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी संकोच के थाना पहुंचकर पानी पी सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की सेवा करना भी है। “इस कलयुग में मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म एवं कर्तव्य नहीं है,” यह कहते हुए उन्होंने लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : बिरसा मुंडा स्मारक से कॉपर रस्सी चोरी पर बढ़ी चिंता, समिति ने थाना प्रभारी से की मुलाकात
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मानवीय पहल को बताया सराहनीय
थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर मिट्टी के घड़ों में ठंडा पानी रखा गया है, जिससे राहगीर, वाहन चालक, मजदूर और आम लोग अपनी सुविधा अनुसार पानी पीकर राहत महसूस कर रहे हैं। तपती गर्मी में पुलिस की इस पहल से लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। स्थानीय लोगों ने किरीबुरू पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करते हैं। किरीबुरू की मुखिया पार्वती किरो ने भी पुलिस प्रशासन की इस मानवीय सेवा की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत पहुंचाने का यह प्रयास बेहद प्रेरणादायक है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की जनसेवा गतिविधियां जारी रहेंगी।
























