तेज बवंडर और मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़क पर गिरे पेड़ों से आवागमन बाधित
तेज आंधी ने कुछ ही मिनटों में मचाई भारी तबाही
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बाबा नगरी चित्रेश्वर गांव में रविवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप धारण किया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद अचानक काले बादल छाए और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक चले इस भयंकर बवंडर ने गांव में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण निरुपमा घोष, निरोध बरण शामल, काली पद शामल और निखिल शामल की होटल एवं दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कई छोटे दुकानदारों और ग्रामीणों के आशियाने भी इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर बर्बाद हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने पहले कभी इस क्षेत्र में इतनी भयावह आंधी नहीं देखी थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राम मंदिरम में भक्ति और सेवा का संगम, 2800 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया तिरुपति बालाजी का अन्न प्रसादम
पेड़ और बिजली खंभे गिरने से रास्ते बंद, गांव अंधेरे में डूबा

आंधी और बारिश के दौरान चित्रेश्वर मुख्य गेट से मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के कई खंभे उखड़कर गिर गए, जिससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई। रास्ते बंद होने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया और कई लोग घंटों तक फंसे रहे। बिजली के खंभे गिरने से पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस भीषण आंधी ने केवल चित्रेश्वर गांव को ही अधिक प्रभावित किया, जबकि आसपास के अन्य गांवों में स्थिति सामान्य रही। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है तथा लोग प्रशासन से जल्द राहत और रास्ता बहाल करने की मांग कर रहे हैं।






















