रघुवर दास, बन्ना गुप्ता और कुणाल षाड़ंगी समेत कई गणमान्यजन हुए शामिल
दक्षिण भारतीय परंपरा में हुआ आयोजन
वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन द्वारा श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम में आयोजित भव्य “श्री बालाजी अन्न प्रसादम” कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 2800 श्रद्धालुओं ने भगवान श्री वेंकटेश्वर बालाजी का पावन अन्न प्रसादम ग्रहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह 11:30 बजे दक्षिण भारत के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विशेष पूजन के साथ हुआ। इसके बाद ब्राह्मण भोजन कराया गया तथा फिर श्रद्धालुओं के बीच अन्न प्रसादम वितरण शुरू किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिली।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनगणना 2026 को लेकर सरहुल पूजा समिति सक्रिय, आदिवासी समाज को किया जाएगा जागरूक
मनोकामना पत्थर और दिव्य सजावट बनी आकर्षण का केंद्र

श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम को दक्षिण भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप आकर्षक ढंग से सजाया गया था। तिरुपति बालाजी की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। कार्यक्रम में विशेष रूप से स्थापित “पेरुमल स्टोन” यानी मनोकामना पत्थर ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। मान्यता है कि इस पवित्र पत्थर पर व्यक्त की गई मनोकामनाएं भगवान वेंकटेश्वर तक पहुंचती हैं। श्रद्धालुओं को कपूर मिश्रित पवित्र जलामृत भी वितरित किया गया। अन्न प्रसादम कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक वरिष्ठ समाजसेवी विजय मित्तल एवं उनकी धर्मपत्नी प्रीति अग्रवाल रहे। आयोजन का संचालन समाजसेवी सुनील जवानपुरिया ‘बिट्टू’ के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : काम से हटाने के विरोध में 27 मई से टीएमएच गेट पर अनिश्चितकालीन धरना का ऐलान
राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की हस्तियों की रही मौजूदगी
इस धार्मिक आयोजन में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, अग्रवाल महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूही अग्रवाल, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, झामुमो नेता कुणाल षाडंगी, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, पत्रकार उदित अग्रवाल, डीएसपी मनोज गुप्ता, कांग्रेस नेता विशाल खान तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा मंच के राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया, टाटा स्टील चीफ रंजन सिन्हा और अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया समेत अनेक समाजसेवियों ने भी आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम की व्यवस्था और संचालन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा पुलिस की अनोखी पहल, राहगीरों को मिठाई खिलाकर पिलाया ठंडा पानी
दक्षिण भारतीय शैली में परोसा गया विशेष अन्न प्रसादम
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को केले के पत्तों पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय शैली में प्रसाद परोसा गया। प्रसादम के विशेष मेन्यू में सादा चावल, कर्ड राइस, लेमन राइस (पुलियारम), सांभर, बिन्स नारियल की सब्जी, मिक्स वेज, चक्र पोंगल, रवा केसरी, पापड़ और छाछ शामिल थे। राणी सती सत्संग समिति द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली गई, जबकि मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी और छाछ की विशेष व्यवस्था की। पूरे आयोजन में सेवा, अनुशासन और श्रद्धा का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की।






















