मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं, अब रविवार को भी खुलेगी लैब
गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नई पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए मेल वार्ड और महिला वार्ड में नए एयर कंडीशन लगाए हैं, जबकि पुराने एयर कंडीशन की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू किया गया है। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। गुवा सेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा प्रभारी अशोक कुमार अमन ने बताया कि फिजियोथैरेपी विभाग में भी नया एयर कंडीशन लगाया गया है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए फ्री बाकेट सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है तथा अतिरिक्त अटेंडेंट की भी नियुक्ति की गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा के कच्छी धौड़ा में 72 घंटे अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन का भक्तिमय समापन
गर्मी के मौसम में अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की सुविधा
मुख्य चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि पहले अस्पताल की लैब रविवार को बंद रहती थी, लेकिन अब मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को भी लैब संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इससे मरीज अब सप्ताह के सातों दिन जरूरी जांच करा सकेंगे। इसके अलावा सप्लाई कंस्ट्रक्शन मजदूरों के लिए अस्पताल परिसर में आरओ की नई मशीन लगाई गई है, जिससे उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। अस्पताल के किचन का उद्घाटन भी किया गया है तथा दवाओं की उपलब्धता बढ़ाई गई है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अस्पताल प्रशासन द्वारा की गई इन नई व्यवस्थाओं से मरीजों और उनके परिजनों में संतोष देखा जा रहा है।



























