व्हाट्सएप ग्रुप में फोटो साझा कर पुलिस ने युवक की पहचान सुनिश्चित की
सुरक्षित घर वापसी की तैयारी, गुवा पुलिस की मानवीय पहल की हो रही सराहना
मानवीय पहल से गुवा पुलिस ने जीता लोगों का भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना की सक्रियता और मानवीय पहल से भटककर दूसरे क्षेत्र पहुंचे युवक की पहचान कर उसे परिजनों से मिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार सेवा नगर निवासी 35 वर्षीय संदीप सिंह किसी कारणवश भटककर कराईकेला पहुंच गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में उसकी तस्वीर साझा कर स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस की तत्परता का जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आया और युवक की पहचान गुवा के सेवा नगर निवासी के रूप में हुई।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल में बाहरी लोगों की बहाली के विरोध में सशक्त संयुक्त मोर्चा का प्रदर्शन
पुलिस की सक्रियता से परिवार तक पहुंची युवक की जानकारी
पहचान होने के बाद थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने तुरंत युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया और उसे सकुशल वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया गया कि युवक को सुरक्षित गुवा लाने के लिए परिजनों को कराईकेला थाना भेजने की तैयारी की जा रही है। गुवा पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की सजगता और मानवीय सोच के कारण एक परिवार को बड़ी राहत मिली है। लोगों ने थाना प्रभारी और पुलिस टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है।























