स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग, कंपनी पर नियमों की अनदेखी का आरोप
मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी पर बाहरी लोगों को प्राथमिकता देने का आरोप
विभिन्न मजदूर संगठनों ने आंदोलन को दिया समर्थन
स्थानीय रोजगार की मांग को लेकर संगठनों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित सेल परियोजना में मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बाहरी लोगों का भीटी मेडिकल कराए जाने के विरोध में मंगलवार सुबह सशक्त संयुक्त मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन में ठेका मजदूरों और बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई। मोर्चा के नेताओं का कहना था कि गुवा क्षेत्र में पहले से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक मौजूद हैं, इसके बावजूद कंपनी बाहरी लोगों को मेडिकल और ट्रेनिंग देकर नौकरी देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : ओड़िया भाषायी छात्रों के भविष्य पर संकट, पूर्व मंत्री डॉ. षाड़ंगी ने ‘क्लस्टर कॉलेज’ नीति का किया विरोध
स्थानीय नीति को लेकर फिर गरमाया रोजगार का मुद्दा
सशक्त संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी पर स्थानीय नीति की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कंपनी द्वारा स्थानीय बेरोजगार युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। मोर्चा ने कंपनी के स्टाफ रूद्रो प्रधान को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक होने के बावजूद उन्हें अब तक नौकरी पर रखा गया है। संगठन के नेताओं ने इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमों को दरकिनार कर बाहरी लोगों को मेडिकल और प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय युवक रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Narwa Pahad : मातकुमडीह गांव के नए माझी बाबा बने राजेश मुर्मू, पगड़ी पहनाकर दिलाई गई शपथ
सेवानिवृत्ति उम्र पार कर्मियों को नौकरी में बनाए रखने पर उठे सवाल
आंदोलन में कई मजदूर संगठनों और बेरोजगार संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। झारखंड मजदूर यूनियन के महासचिव हेमराज सोनार, अध्यक्ष लालमोहन महतो, भारतीय मजदूर संघ के महासचिव मुकेश लाल, समीर पाठक, सीटू के महेश गोप, क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ के राकेश सुंडी तथा बेरोजगार संघ के उदय सिंह और कैलाश दास समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।























