खड़गपुर से घाटशिला तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सांसद बिद्युत बरन महतो के साथ रेलवे विकास कार्यों पर हुई चर्चा
रेलवे विकास योजनाओं को लेकर सांसद और अधिकारियों की अहम बैठक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने बुधवार को खड़गपुर स्टेशन से घाटशिला स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे अवसंरचना, परिचालन व्यवस्था और विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय सहित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। घाटशिला पहुंचने पर महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस योजना के तहत स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण तथा यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से महाप्रबंधक को अवगत कराया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : भीषण गर्मी में पानी के लिए तरसे ग्रामीण, उईनाल गांव की सोलर जलमीनार एक महीने से बंद
अमृत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला स्टेशन को मिल रही आधुनिक सुविधाएं
इसके बाद महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों, यात्री सुविधाओं तथा चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने क्षेत्र में रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में एजीएम/एसईआर सौमित्र मजूमदार, पीसीसीएम नवीन कुमार चंद्रा, सीपीआरओ ओम प्रकाश चरण, डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया, एडीआरएम बाबुल बर्मन समेत मुख्यालय एवं मंडल के कई अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त रूप से संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा रेल अवसंरचना और यात्री सेवाओं के विकास के लिए चलाए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी।
























