दुकानदार पर फायरिंग और तोड़फोड़ मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद
त्वरित पुलिस कार्रवाई से फायरिंग कांड का हुआ पर्दाफाश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आरिफ अंसारी और अमनदीप सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं और उनका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की है। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Sports : विकेड वॉरियर्स बने सीसीएम सीजन-7 के चैंपियन, रोमांचक फाइनल में व्रेथ्स को 6 विकेट से हराया
पुरानी रंजिश और उधारी विवाद बना फायरिंग की वजह
सिटी एसपी के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि दुकानदार पर गोली मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने चलाई थी। घटना में कुल पांच अपराधी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई को मिल्लत नगर रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर के बाहर अपराधियों ने फायरिंग की थी। इस दौरान दुकानदार बाल-बाल बच गया था। आरोपियों ने दुकान मालिक के साथ मारपीट करने के अलावा दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। मामले में दुकान संचालक इम्तियाज ने जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दुकानदार का आरोप था कि उधारी का पैसा मांगने पर अपराधियों ने हमला कर फायरिंग की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।


























