झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
युवाओं को बिरसा मुंडा के आदर्श अपनाने का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुसाबनी : वीर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुसाबनी प्रखंड के एक नंबर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने किया। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया, जिसकी प्रेरणा आज भी समाज को नई दिशा देती है। उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को स्मरण किया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में विस्थापितों की मांगों पर बनी सहमति
श्रद्धांजलि सभा में याद किए गए बिरसा मुंडा के संघर्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने, उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “बिरसा मुंडा अमर रहें” के नारों के साथ धरती आबा को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

























