शहादत दिवस पर पदयात्रा, माल्यार्पण और सम्मान समारोह के जरिए महानायक को दी गई श्रद्धांजलि
नई पीढ़ी तक पहुंचाने होंगे बुली महतो के संघर्ष और विचार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी (सोनाहातू) : स्वतंत्रता सेनानी और कोल विद्रोह के महानायक अमर शहीद बुली महतो के शहादत दिवस पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा सोनाहातू के तत्वावधान में भव्य पदयात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सोनाहातू स्थित पार्टी कार्यालय से हुई, जहां से कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक पदयात्रा करते हुए बुली महतो चौक तक पहुंचे। इस दौरान पुराना प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। पदयात्रा में शामिल लोगों ने शहीदों के सम्मान में नारे लगाए और उनके संघर्षों को याद किया। इसके बाद भकुआडीह चौक स्थित अमर शहीद बुली महतो की प्रतिमा पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा माल्यार्पण कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों की सहभागिता रही।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : स्वर्गीय रामदास सोरेन मेमोरियल शॉर्ट पिच क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, जय श्री राम 360 बनी चैंपियन
शहादत दिवस पर निकली भव्य पदयात्रा, बुली महतो को दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर शहीद बुली महतो के वंशजों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध महतो, संजय महतो, अर्जुन महतो, भीमसेन महतो, लक्ष्मण महतो, भागीरथ महतो, साधुचरण महतो, मोहिनी देवी, सरस्वती देवी, उमावती देवी, द्रौपदी देवी और गणेश महतो को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। वहीं संगठन के महासचिव पंचम एक्का, मांडर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गुना भगत, संगठन महासचिव मनीष साहु, केंद्रीय सचिव निवेदिता महतो, जिला अध्यक्ष पार्वती महतो, जिला उपाध्यक्ष शिल्पा महतो और दीपिका रजक को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संजय, महेश, जाकिर, सीरिया महतो, विनोद महतो सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की विरासत को संजोना समाज की जिम्मेदारी है और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक हाजिरी के विरोध में संयुक्त मोर्चा का ऐलान, ‘हाजिरी कटेगी तो कटे, मशीन पर उपस्थिति नहीं देंगे श्रमिक’
शहीद बुली महतो के वंशजों और पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि अमर शहीद बुली महतो का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और जन-अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बुली महतो ने समाज और क्षेत्र के लोगों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और बलिदान को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्षों से अवगत कराया जाना चाहिए। देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवित रखना और उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने शिक्षा, संगठन, जागरूकता और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर बल देते हुए शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में गदाधर महतो, रंजीत महतो, अजय महतो, बिनोद महतो और भागीरथ महतो समेत अनेक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी ने शहीद बुली महतो के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।























