सोसो, लाघुप और बसंतपुर गांवों में बैठकों के माध्यम से सामाजिक समन्वय और विकास पर हुई चर्चा
समाज के सर्वांगीण विकास के लिए गांव-गांव पहुंचे संघ के पदाधिकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : पंच परगना सुंडी संघ, रांची द्वारा संगठन की सक्रियता, सामाजिक जागरूकता और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का शुभारंभ 14 जून को राहे प्रखंड अंतर्गत सिल्ली थाना क्षेत्र के सोसो, लाघुप और बसंतपुर गांवों से किया गया। संघ के सचिव उपेन्द्र कुमार साहु और उपाध्यक्ष मनोज कुमार साहु के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया गया। सबसे पहले सोसो गांव में वरिष्ठ समाजसेवी मिलन साहु की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज के लोगों ने संगठन को मजबूत बनाने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके बाद बसंतपुर गांव में श्रीधर साहु की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बंसिया, लाघुप, सोसो और बसंतपुर गांवों को एक मंच, एक छतरी और एक विचारधारा के तहत जोड़ने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि निकट भविष्य में सभी गांवों को लेकर एक संगम बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे समाज के बीच समन्वय और अधिक मजबूत हो सके।
इसे भी पढ़ें : Potka : ग्वालकाटा पंचायत में सौर ऊर्जा आधारित डीप बोरिंग की मांग, उपायुक्त को सौंपा गया पत्र
चार गांवों को एक मंच पर लाने की दिशा में शुरू हुई पहल
बैठकों में सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पहले की तरह पड़ोसी गांवों के बीच सामाजिक आयोजनों, पारिवारिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाई जानी चाहिए। समाज के लोगों ने यह भी निर्णय लिया कि आपसी विवादों और मनमुटाव को कोर्ट-कचहरी तक ले जाने के बजाय सामाजिक मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। दोनों पक्षों को बैठाकर आपसी सामंजस्य स्थापित करने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर सहमति बनी। बैठक में सामाजिक एकजुटता, पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण और सामूहिक निर्णय की संस्कृति को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : चंदनपुर में जाहेर थान घेराबंदी का विवाद सुलझा, मोकरो हेंब्रम की समिति को मिला कार्यादेश
सामाजिक विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता पर जोर
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सोसो और बसंतपुर की बैठकों में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया। सोसो में मिलन साहु, बद्रीनाथ साहु, डॉ. सूरज प्रसाद साहु, प्रो. इन्द्रनाथ साहु समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जबकि बसंतपुर में श्रीधर साहु, अनूप कुमार साहु, राकेश साहु, मुरलीधर साहु, उमाचरण साहु और अन्य ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान उपेन्द्र कुमार साहु, मनोज कुमार साहु, जगबंधु साहु, प्रो. इन्द्रजीत साहु और दीपक कुमार साहु ने संयुक्त रूप से कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। संघ शेष गांवों का भी भ्रमण करेगा और सामाजिक उत्थान, संगठन विस्तार तथा समाज के विकास के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।























