Share

Gamharia : गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन नहीं लिया गया, नेताओं ने जताई नाराजगी

  • आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पहुंचे थे कांग्रेस नेता, प्रशासनिक रवैये पर उठाए सवाल
  • जनसमस्याओं को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गम्हरिया : गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, लेकिन ज्ञापन स्वीकार नहीं किए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष खिरोद सरदार, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता प्रधान, प्रखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला देवी, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं महिला सदस्य शामिल थे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, वे नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-35 में सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने पहुंचे थे। उस समय अंचल अधिकारी बीएलए से संबंधित बैठक में व्यस्त थे, जिसके कारण प्रतिनिधिमंडल ने लगभग 20 मिनट तक प्रतीक्षा की। बैठक समाप्त होने के बाद अधिकारियों से ज्ञापन लेने का अनुरोध किया गया, लेकिन कथित तौर पर ज्ञापन स्वीकार नहीं किया गया।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : तांबो चौक पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, ओवरलोडिंग करने वाले छह वाहनों पर जुर्माना

सड़क और नाला निर्माण की समस्या को लेकर उठाई आवाज

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की समस्याओं को सुनना तथा उनसे जुड़े ज्ञापन स्वीकार करना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उनका आरोप है कि ज्ञापन नहीं लिए जाने से कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में निराशा और आक्रोश का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-25 में सड़क और नाला निर्माण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला सदस्य मौजूद रहे तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर एकजुटता दिखाई।

Leave a Comment

Chaibasa : मानदेय भुगतान की मांग को लेकर पश्चिम सिंहभूम के 3500 स्वास्थ्य अनुबंधकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

छह माह से लंबित भुगतान और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना लंबित मानदेय

  • छह माह से लंबित भुगतान और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना
  • लंबित मानदेय को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 3500 संविदा आधारित अनुबंधकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी चाईबासा स्थित सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में पिछले छह माह से लंबित मानदेय का भुगतान, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित मानदेय वृद्धि का भुगतान तथा अन्य लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है। अनुबंधकर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई से लेकर दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो गया है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : मझगांव विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने किया क्षेत्र भ्रमण, विकास योजनाओं की ली समीक्षा

मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से लिया हड़ताल का फैसला

धरना पर बैठे कर्मियों ने बताया कि अपनी समस्याओं को लेकर वे कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि 20 जून को भी बड़ी संख्या में अनुबंधकर्मियों ने सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा था और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कोई सकारात्मक पहल नहीं होने पर उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। इस आंदोलन में मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, एनसीडी सेल सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े सहिया, सहिया साथी, बीटीटी, एएनएम, सीएचओ, डीपीटी, टीपीसी और एसटीटी समेत बड़ी संख्या में अनुबंधकर्मी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में इंग्लिश वाइन शॉप पर हंगामा, बोतलों से हमले में दो लोग घायल

सिविल सर्जन ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

धरना-प्रदर्शन के दौरान अनुबंधकर्मियों ने सरकार और विभाग से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने तथा अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए कहा कि कर्मियों की मांगें उचित हैं। उन्होंने बताया कि लंबित मानदेय भुगतान के संबंध में स्वास्थ्य सचिव को पत्र भेजा जा चुका है और विभाग स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही भुगतान प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और समस्या का समाधान निकल जाएगा।

Chaibasa : मझगांव विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने किया क्षेत्र भ्रमण, विकास योजनाओं की ली समीक्षा

पेयजल, आवास और महिला आजीविका योजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण, पेयजल

  • पेयजल, आवास और महिला आजीविका योजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
  • वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण, पेयजल व्यवस्था पर जोर
  • प्रधानमंत्री आवास योजना से बदल रही ग्रामीण परिवारों की जिंदगी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान दोनों ने गुड़गांव स्थित मझगांव वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने प्लांट की वर्तमान स्थिति, तकनीकी आवश्यकताओं और संचालन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को लंबित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर प्लांट को जल्द चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में इंग्लिश वाइन शॉप पर हंगामा, बोतलों से हमले में दो लोग घायल

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक के गृह प्रवेश में हुए शामिल

भ्रमण के दौरान विधायक और उपायुक्त बलियापोसी पंचायत के कुम्हार टोली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास की लाभुक सोमबारी हेस्सा के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए। गृह प्रवेश के उपरांत लाभुक परिवार को प्रोत्साहन स्वरूप प्रेशर कुकर भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक नीरल पूर्ति ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने लाभुक परिवार से योजना के क्रियान्वयन और लाभ से संबंधित जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाए, ताकि उन्हें समग्र विकास का लाभ मिल सके।

इसे भी पढ़ें : Rajnagar : स्कूली बच्चों की लेखन प्रतिभा निखारने के लिए परिषद का अभियान तेज, राजनगर में किया गया संपर्क

महिला समूहों के आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन

भ्रमण के अंतिम चरण में मझगांव बाजार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से संचालित आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित एवं एकत्रित आमों की बिक्री की व्यवस्था की गई है। विधायक नीरल पूर्ति ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं की आजीविका बढ़ाने और ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Manoharpur : मनोहरपुर में इंग्लिश वाइन शॉप पर हंगामा, बोतलों से हमले में दो लोग घायल

ग्राहक और वाइन सेलर के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने शुरू की जांच शराब को लेकर हुआ

  • ग्राहक और वाइन सेलर के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने शुरू की जांच
  • शराब को लेकर हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर के पुराना लकड़ी डिपो के समीप स्थित एक इंग्लिश वाइन शॉप में रविवार को शराब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर ग्राहक और वाइन सेलर के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर वाइन की बोतलों से हमला कर दिया। घटना में ग्राहक बबलू महतो के माथे पर गंभीर चोट लगी, जबकि वाइन सेलर रिंटू कुमार के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान दुकान के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

इसे भी पढ़ें : Rajnagar : स्कूली बच्चों की लेखन प्रतिभा निखारने के लिए परिषद का अभियान तेज, राजनगर में किया गया संपर्क

घायलों का इलाज जारी, प्राथमिकी का इंतजार

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर स्थिति की जानकारी जुटाई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Rajnagar : स्कूली बच्चों की लेखन प्रतिभा निखारने के लिए परिषद का अभियान तेज, राजनगर में किया गया संपर्क

स्वरचित कविता, कहानी और लेख प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को मिलेगा साहित्यिक मंच विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों से किया

  • स्वरचित कविता, कहानी और लेख प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को मिलेगा साहित्यिक मंच
  • विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों से किया गया संवाद

जेबी लाइव, रिपोर्टर

राजनगर : राजनगर प्रखंड में झारखंड साहित्य संस्कृति परिषद द्वारा स्कूली बच्चों के भीतर छिपी साहित्यिक एवं सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष संपर्क अभियान चलाया गया। परिषद का मानना है कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों की बहुमुखी प्रतिभाओं के विकास का माध्यम भी बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से परिषद के अध्यक्ष भवतारन मंडल, झारखंड प्रभा के संपादक सुनील कुमार दे तथा परिषद के सक्रिय सदस्य स्वपन कुमार मंडल ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने सरस्वती शिशु मंदिर हैंसल, इटापुकुर उच्च विद्यालय, जेएनबी सिजुलता, इदल उच्च विद्यालय तथा छोटानागपुर कॉलेज हैंसल के प्रधान शिक्षकों से मुलाकात कर विद्यार्थियों के लिए स्वरचित कविता, कहानी और लेख प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया। इस दौरान विद्यालयों को सूचना पत्र और झारखंड प्रभा की प्रति भी भेंट की गई।

इसे भी पढ़ें : Potka : झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की पोटका में बैठक, सुंदर टुडू बने प्रखंड प्रभारी

उत्कृष्ट रचनाओं को मिलेगा प्रकाशन और सम्मान

परिषद की ओर से विद्यालयों से अनुरोध किया गया है कि 15 जुलाई तक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर अपने स्तर पर परिणाम घोषित करें तथा प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों के नाम उनकी रचनाओं के साथ 17 जुलाई तक परिषद को भेजें। उत्कृष्ट रचनाओं का चयन कर उन्हें झारखंड प्रभा पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों के बीच 2 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे माताजी आश्रम, हाता में अंतिम प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विषय अलग रहेगा। परिषद ने घोषणा की है कि सभी सफल प्रतिभागियों को 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित वार्षिक उत्सव में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। परिषद की इस पहल की सभी विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों ने सराहना की और विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Potka : झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की पोटका में बैठक, सुंदर टुडू बने प्रखंड प्रभारी

संगठन विस्तार और प्रखंड कमिटी गठन पर हुई चर्चा, नई जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार संगठन को मजबूत बनाने पर

  • संगठन विस्तार और प्रखंड कमिटी गठन पर हुई चर्चा, नई जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
  • संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : पोटका के टांगरसाय में झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, प्रखंड कमिटी के गठन और उसके विस्तार को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संघ से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान सर्वसम्मति से टांगरसाय (रांगमातीय) निवासी सुंदर टुडू को पोटका प्रखंड का नया प्रभारी मनोनीत किया गया। जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम ने उन्हें सदस्यता रसीद प्रदान करते हुए संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा इस्को मिडिल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ

नई जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प

नवनियुक्त प्रखंड प्रभारी सुंदर टुडू ने संगठन के केंद्रीय और जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पोटका प्रखंड कमिटी का गठन और विस्तार जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, ताकि संगठन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जा सके। बैठक में संगठन की भावी योजनाओं और सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला महासचिव मुकेश कर्मकार, रमाकांत नायक, रवि मुखी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Gua : गुवा इस्को मिडिल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ

गुवा थाना पुलिस, जेएसएलपीएस और बाल सुरक्षा अधिकार मंच ने संयुक्त रूप से किया आयोजन नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों

  • गुवा थाना पुलिस, जेएसएलपीएस और बाल सुरक्षा अधिकार मंच ने संयुक्त रूप से किया आयोजन
  • नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों को कराया अवगत

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा स्थित इस्को मिडिल स्कूल में गुवा थाना पुलिस, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी तथा बाल सुरक्षा अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : बिरसा हरित ग्राम योजना से बदली किसान की तकदीर, आम की बागवानी से लाखों की आय अर्जित कर रहे विजय मुंदूइया

नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी और बाल सुरक्षा अधिकार मंच के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना सकता है, इसलिए समय रहते इसके प्रति जागरूक होना आवश्यक है। अभियान के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प कराया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, बाल अधिकार सुरक्षा मंच की सदस्य पदमा केसरी, एस्पायर की शताक्षी दास, कृष्ण गोप, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top